डॉ अतुल मोहन सिंह, लखनऊ: उत्तर प्रदेश के आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद पर एक बार फिर बड़ा भरोसा जताते हुए उनके राजनीतिक कद में इजाफा किया है। नए फैसलों के मुताबिक, 2027 के चुनाव में बसपा के टिकट पर कौन मैदान में उतरेगा, इसका अंतिम फैसला अब आकाश आनंद लेंगे।
हाल ही में लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे के दौरान आकाश आनंद ने बसपा सुप्रीमो से मुलाकात की थी, जिसके बाद यह नया बदलाव किया गया है। बता दें कि इससे पहले उन्हें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के चुनावी अभियानों से दूर रखा गया था, लेकिन अब पूरी कमान उन्हें सौंपी जा रही है।
जनसभाओं के जरिए होगी प्रत्याशियों की घोषणा
आकाश आनंद अब सीधे जनता और कार्यकर्ताओं के बीच उतरेंगे। उनके नेतृत्व में राज्य भर में बड़े सम्मेलनों और जनसभाओं का आयोजन किया जाएगा। खास बात यह है कि रैलियों के मंच से प्रत्याशियों के नामों का ऐलान भी किया जाएगा। 10 अगस्त को चुनावी अभियान की शुरुआत हाथरस की सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से होगी। वही 25 अगस्त को नोएडा की जेवर विधानसभा में एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया जाएगा।