Dewas Bee Attack: मध्य प्रदेश के देवास जिले के राजोदा गांव में मंगलवार की सुबह जवारा विसर्जन के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया जब मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में 40 से अधिक लोग घायल हो गए। जिनमें से 11 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया है।
कैसे भड़कीं मधुमक्खियां?
खबरों के अनुसार हादसा मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे राजोदा गांव में हुआ, जहां करीब 200 से अधिक लोग जवारा विसर्जन के लिए पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान कुछ लोग एक कुएं में नहाने के लिए कूदे तो पानी के छींटे कुएं के ऊपर लगे पीपल के पेड़ पर मधुमक्खियों के छत्ते पर पहुंच गया। जिसमें बाद मधुमक्खियां भड़क गईं और मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया।
जान बचाने 2 KM तक भागे लोग
बताया जा रहा है कि पहले तो लोगों को लगा की मधुमक्खियां शांत हो जाएंगी, लेकिन हमला तेज होने के चलते लोग अपनी जान बचाने के करीब 2 किलोमीटर तक भागे। कई लोगों ने तो अपने आप को जाल ओढ़ाकर बचाया।
एक युवक की हालत गंभीर
खबरों के अनुसार अस्पताल लाए गए 11 घायलों में से एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों ने उसके शरीर से 200 से अधिक डंक निकाले और उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया है। मधुमक्खियों के हमले में करीब 40 लोग घायल हो गए है।