Bhopal Bus Accident: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के वीआईपी रोड पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कॉलेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पोल से टकराते हुए बीच सड़क पर पलट गई। इस घटना में बस में सवार 3 छात्र घायल हो गए हैं। हादसे के दोरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
पलटी बस, 3 भर्ती
मिली जानकारी के अनुसार वीआईपी रोड से गुजर रही कॉलेज बस अचानक अपना संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे पोल को टक्कर मारते हुए पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद पोल पूरी तरह टूट गया। हादसे के समय बस में कई छात्र सवार थे, जिनमें से 3 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने सड़क से बस को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। बस किस वजह से अनियंत्रित होकर पलटी इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। कोहेफिजा पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।