Asaduddin Owaisi Bhopal: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के आगामी 15 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मध्य प्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी ने जिला प्रशासन से ओवैसी के कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने की मांग की है। कमेटी का कहना है कि इस कार्यक्रम से शहर की फिजा खराब हो सकती है, जिससे राजधानी की गंगा-जमुनी तहजीब को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
गणेश उत्सव का हवाला
मुस्लिम त्योहार कमेटी ने सेंट्रल लाइब्रेरी परिसर में ओवैसी के कार्यक्रम की परमिशन दिए जाने पर सवाल उठाए हैं। कमेटी का कहना है कि सेंट्रल लाइब्रेरी परिसर में गणेश उत्सव के दौरान कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। ऐसे में ओवैसी के बयानों से धार्मिक भावनाएं आहत होने और माहौल खराब होने की स्थिति बन सकती है। इसलिए ओवैसी के कार्यक्रम को रद्द किया जाना चाहिए।
विधायक टी. राजा कार्यक्रम का दिया हवाला
विरोध जताते हुए मुस्लिम त्योहार कमेटी ने तेलंगाना के बीजेपी विधायक टी. राजा सिंह के भोपाल कार्यक्रम का उदाहरण रखते हुए कहा है कि इससे पहले कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के तहत टी. राजा सिंह के कार्यक्रम को भोपाल में अनुमति नहीं दी गई थी। ऐसे में असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम की अनुमति को भी निरस्त की जानी चाहिए ताकि शहर में शांति और सौहार्द कायम रहे।