अंकित पाण्डेय, गौरीगंज/अमेठी:अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने मंगलवार को जिले के कई गांवों में छापेमारी की। इस दौरान करीब 35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि करीब 100 किलो लहन मौके पर नष्ट कराया गया। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत दो अभियोग दर्ज किए गए।
आबकारी विभाग के अनुसार, आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी अमेठी, उप आबकारी आयुक्त अयोध्या प्रभार के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक और जिला आबकारी अधिकारी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 अमेठी प्रभु नारायण सिंह के नेतृत्व में टीम ने रघईपुर, छोटी धरौली, पनवारी, सैंठा और बैसारा में आकस्मिक दबिश दी।
थाना संग्रामपुर क्षेत्र के छोटी धरौली और रघईपुर में कार्रवाई के दौरान अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। टीम ने शराब बनाने के लिए तैयार करीब 100 किलो लहन को मौके पर नष्ट कर दिया। इसके साथ ही आबकारी दुकानों का सघन निरीक्षण और मार्गों पर चेकिंग भी की गई। ईंट-भट्ठों, ढाबों और संदिग्ध कबाड़ की दुकानों की भी तलाशी ली गई।
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने ग्रामीणों को अवैध शराब के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। साथ ही अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की सूचना विभाग के टोल फ्री नंबर अथवा संबंधित आबकारी निरीक्षक के मोबाइल नंबर पर देने की अपील की गई। अभियान में आबकारी निरीक्षक प्रभु नारायण सिंह के साथ मोहम्मद साबिर सिद्दीकी, अभय प्रताप सिंह और प्रेम शंकर शर्मा समेत आबकारी स्टाफ मौजूद रहा।