मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में आज 21 विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। बैठक में 7 लाख मीट्रिक टन चमकविहीन गेहूं के टेंडर के जरिए निराकरण और 5.80 लाख मीट्रिक टन गेहूं के निराकरण को कार्योत्तर मंजूरी देने का प्रस्ताव प्रमुख मुद्दों में शामिल है।
चार नए जिलों में शिक्षा अधिकारी कार्यालयों के लिए पद
स्कूल शिक्षा विभाग ने निवाड़ी, मऊगंज, पांढुर्णा और मैहर जिलों में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों के गठन के लिए नए पदों की स्वीकृति का प्रस्ताव रखा है। मंजूरी मिलने पर इन जिलों में शिक्षा विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने का रास्ता खुल सकता है।
तीन सिंचाई परियोजनाओं पर भी चर्चा
बैठक में जल संसाधन विभाग की प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं की निरंतरता से संबंधित प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। इनमें छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्प्लेक्स, चेटरखेड़ा वृहद सिंचाई और पचमनगर सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजनाएं शामिल हैं।
पेंशन, वेतनवृद्धि और चिकित्सा बिलों से जुड़े मामले
कैबिनेट के एजेंडे में सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों से जुड़े कई मामले शामिल हैं। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के तहत सेवानिवृत्त सहायक ग्रेड-2 मार्तंड सिंह परिहार की देय पेंशन वापस लेने के विषय पर विचार किया जाएगा।
सेवानिवृत्त अधिकारियों की संविदा नियुक्तियों पर विचार
बैठक में आनंद विभाग के तहत सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ओमप्रकाश श्रीवास्तव को राज्य आनंद संस्थान में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर संविदा नियुक्ति देने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।