कुलदीप शुक्ला, संग्रामपुर: थाना क्षेत्र के सैंठा-लोहिया नगर मार्ग पर पूरे भुवाला के पास मालती नदी के पुल की सड़क धंसकर बैठ गई है। पुल की रेलिंग और सड़क के बीच बने इस खतरनाक हिस्से से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। रात में इसके कारण बड़ी दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पुल से रोजाना पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया, चारपहिया और बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क का किनारा बैठ जाने से पुल पर आवागमन के दौरान लोगों को सावधानी बरतनी पड़ रही है। रात में अंधेरा होने पर धंसा हुआ हिस्सा आसानी से दिखाई नहीं देता, जिससे वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।
राहगीर श्याम सुंदर तिवारी ने बताया कि इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। रात में वाहन चालक की थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि पुल के पास आवारा और पालतू पशुओं का भी आवागमन रहता है। अचानक हड़बड़ाने पर पशु धंसे हुए हिस्से में गिर सकते हैं।
स्थानीय राहगीरों का कहना है कि पुल पर सड़क का हिस्सा बैठने की जानकारी के बावजूद अभी तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कराकर धंसे हिस्से को ठीक कराने की मांग की है। राहगीरों ने कहा कि सड़क की मरम्मत के साथ खतरे वाले स्थान को चिह्नित कर सुरक्षा व्यवस्था भी की जानी चाहिए, ताकि रात के समय राहगीरों और वाहन चालकों को किसी अनहोनी का सामना न करना पड़े।