हिमांशु सिंह, सीतापुर: श्यामनाथ मंदिर के पास धोबियाना की ओर जाने वाले रास्ते पर बन रही सीसी रोड के निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद की नव निर्वाचित अध्यक्ष नेहा अवस्थी का स्थानीय लोगों और दुकानदारों से देसी अंदाज में संवाद करना लोगों को खूब भाया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सहज बोलचाल की भाषा में लोगों से सड़क, नाली और सफाई व्यवस्था को लेकर बातचीत की।
जनता को पसंद आ रही अध्यक्ष
नालियों में कूड़ा डालने को लेकर उन्होंने लोगों को अपने ही अंदाज में समझाते हुए कहा कि “हम सड़क बनवा देबा, नाला बनवा देबा, नाला ढक्कन लगवा देबा, लेकिन सुधरे के जिम्मेदारी हमका-सबका पड़ी।” अध्यक्ष की सहज भाषा और लोगों के बीच घुल-मिलकर बातचीत करने का अंदाज वहां मौजूद लोगों को पसंद आया। निरीक्षण के दौरान वह स्थानीय दुकानदारों और निवासियों की समस्याएं सुनती नजर आईं और छोटी-मोटी समस्याओं का भी समाधान कराने का भरोसा दिया।
काम करवा रही है...अध्यक्ष अच्छी हैं...
इसी बीच पीछे खड़े स्थानीय लोग आपस में चर्चा करते नजर आए। लोगों की बातचीत में अध्यक्ष के व्यवहार और कामकाज को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया सुनने को मिली। कुछ लोग कहते सुने गए कि “नेहा अवस्थी अब लोगों से घुल-मिल गई हैं, काम भी करवा रही हैं... अध्यक्ष अच्छी हैं।” स्थानीय लोगों की यह सहज प्रतिक्रिया बताती है कि जनप्रतिनिधि का जनता के बीच जाकर उनकी भाषा में संवाद करना और उनकी समस्याओं को मौके पर सुनना लोगों को प्रभावित कर रहा है।