कुलदीप शुक्ला, अमेठी: शिक्षक दिवस पर उच्च प्राथमिक विद्यालय पातीपुर में सपा के पोस्टर लगाए जाने के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। स्वदेश में खबर प्रकाशित होने के बाद मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित शिक्षिका को स्पष्टीकरण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
दरअसल, शिक्षक दिवस के कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पीडीए और सपा प्रमुख अखिलेश यादव से जुड़े पोस्टर नजर आए थे। पोस्टर के साथ सपा महिला जिलाध्यक्ष गुंजन सिंह और विद्यालय की शिक्षिका की मौजूदगी की तस्वीर भी सामने आई थी। सरकारी विद्यालय में शिक्षक दिवस जैसे कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक पोस्टर लगाए जाने को लेकर सवाल उठे थे।
मामले को लेकर यह भी सवाल खड़ा हुआ था कि विद्यालय परिसर में राजनीतिक गतिविधि या किसी राजनीतिक दल से जुड़े प्रचार सामग्री की मौजूदगी की अनुमति किस स्तर से दी गई। शिक्षक दिवस के कार्यक्रम में राजनीतिक पोस्टर लगाए जाने को लेकर शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी चर्चा शुरू हो गई थी।
स्वदेश में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। खंड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार यादव ने पहले ही स्पष्ट किया था कि सरकारी विद्यालय में इस तरह की गतिविधि नहीं होनी चाहिए।