MP Teacher Protest: मध्य प्रदेश में वर्ग 2 और वर्ग 3 के शिक्षक भर्ती पदों में वृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन अब करो या मरो की स्थिति में पहुंच गया है। लोक शिक्षण संचालनालय के पास जारी इस आंदोलन का आज 28वां दिन है, जबकि डीपीआई कार्यालय के ठीक सामने डटे हुए अभ्यर्थियों को तीन दिन बीत चुके हैं। मांगों को लेकर जारी इस धरने में निर्जल अनशन कर रहे अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत की हालत नाजुक बनी हुई है।
निर्जल अनशन का 7वां दिन
मीडिया की खबरों के अनुसार निर्जल अनशन पर बैठे नरेंद्र राजपूत का आज 7वां दिन है। लगातार अनशन के कारण उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ रही है और वे कई बार बेहोश भी हो चुके हैं। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का आरोप है कि अनशनकारी की नाजुक स्थिति के बावजूद डीपीआई का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उनकी बात सुनने या ज्ञापन लेने तक नहीं आया।
बारिश में भी जारी रहा प्रदर्शन
आपको बता दें कि 16 सितंबर की रात अचानक मौसम बिगड़ने से भोपाल में तेज बारिश शुरू हो गई थी। खुले आसमान के नीचे बैठे अभ्यर्थियों का सारा सामान और ओढ़ने-बिछाने के कपड़े बारिश में भीग गए। गंभीर स्थिति में पहुंचे नरेंद्र राजपूत भी तेज बारिश में भीगते रहे, लेकिन अभ्यर्थियों ने हौसला नहीं खोया और रातभर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन जारी रखा।
आयुक्त के रवैये से आक्रोश
आंदोलनकारियों का कहना है कि प्रशासन और डीपीआई अधिकारियों का रवैया संवेदनहीन है। अधिकारियों की इस अनदेखी से आक्रोशित अभ्यर्थियों ने परिसर में आयुक्त महोदय शर्म करो, शर्म नहीं तो डूब मरो जैसे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी पद वृद्धि की मांग पूरी नहीं होती, वे पीछे नहीं हटेंगे।