न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड से एक और नाम अब क्रिकेटरों की लिस्ट में जुड़ गया है. राजधानी रांची के ईशान ओम का चयन भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है. ईशान के क्रिकेट टीम में चयन की खबर सुनते ही उनका परिवार खुशी से खुम उठा. घर में जश्न का माहौल है. हर कोई ईशान को इस उपलब्धि के लिए बधाई दे रहा है. बताते चलें ईशान को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ मल्टी-डे सीरीज के लिए टीम में जगह मिली है. ईशान बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं. वह बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज भी हैं. फिलहाल वह झारखंड रणजी टीम का हिस्सा हैं.
गेंदबाजी ईशान की सबसे बड़ी ताकत- कोच
ईशान के कोच आशीष ने कहा कि, ईशान की सबसे बड़ी ताकत उनकी गेंदबाजी है. उन्होंने हमेशा से ही अपनी गेंदबाजी पर काफी मेहनत की है. कड़ी मेहनत और लगन के दम पर आज ईशान को एक बड़ा प्लेटफॉर्म मिला है. यह उसके करियर की शानदार पारी की शुरुआत है. उन्होंने ईशान को सलाह दी कि इस मौके का पूरा फायदा उठाएं. अपने खेल में लगातार सुधार करें और आगे हमेशा बढ़ते रहने के लिए मेहनत जारी रखें.
ईशान की सफलता से माता-पिता भावुक
ईशान की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता बेहद खुश हैं. ईशान के पिता थानेश्वर झा कोल इंडिया में काम करते हैं. वह माइनिंग इंजीनियर हैं. उन्होंने बताया कि परिवार ने हमेशा ईशान को देश के लिए कुछ अच्छा करने की सीख दी है. उन्होंने बेटे की सफलता में उसके कोच के योगदान को भी अहम बताया.
ईशान की मां गनीता झा बेटे की सफलता से बेहद खुश और भावुक है. उन्होंने बताया कि बेटे के लिए उन्होंने जो सपना देखा था, वह अब पूरा होता नजर आ रहा है. उन्होंने कहा कि हमारा परिवार सेना से जुड़ा रहा है. इसी वजह से मन में शुरू से ही देश के प्रति समर्पण की भावना रही है. वह हमेशा चाहती थी कि उनका बेटा भी अपने काम से देश का नाम रोशन करे. उनका कहना है कि भारतीय टीम की जर्सी पहनना हर खिलाड़ी का सपना होता है. ईशान ने इस दिशा में पहला बड़ा कदम उठाया है.
बहनों को मिला रक्षाबंधन का उपहार
ईशान की दो बड़ी बहनें हैं. दोनों पेशे से वकील हैं. उनकी बड़ी बहन प्रिया झा ने भाई के क्रिकेट टीम में चयन पर ख़ुशी जताते हुए कहा कि एक भाई की ओर से रक्षाबंधन का इससे बढ़िया तोहफ़ा और कुछ नहीं हो सकता. उन्होंने कहा कि ईशान का सपना था कि वह भारतीय अंडर-19 टीम का हिस्सा बनें. अब उसका यह सपना पूरा हुआ है.
इसे भी पढ़ें: गुमला: भारी बारिश के बीच महिला मजदूर के घर पर गिरा विशाल पेड़, मकान क्षतिग्रस्त