एक स्थायी शांति के लिए सावधानीपूर्वक शब्दांकन, चरणबद्ध कार्यान्वयन और बाहरी गारंटियों की आवश्यकता होती है, जो अनुपालन को नए सिरे से संघर्ष के मुकाबले अधिक आकर्षक बनाती हैं। युद्ध के समाप्त होने की सबसे अधिक संभावना किसी अचानक व्यापक संधि के माध्यम से नहीं, बल्कि संघर्षविराम, मानवीय उपायों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और क्षेत्र को लेकर कठिन समझौतों की एक क्रमिक प्रक्रिया के माध्यम से है। यह प्रक्रिया सफल होगी या नहीं, यह किसी एक बैठक पर कम और इस बात पर अधिक निर्भर करता है कि क्या दोनों पक्ष ऐसे परिणाम को स्वीकार कर सकते हैं, जो लड़ाई को तब तक रोक दे, जब तक कि किसी भी पक्ष को उन चीजों को छोड़ने के लिए मजबूर न किया जाए, जिन्हें वह अपने लिए आवश्यक हित मानता है।
इस सप्ताह अबू धाबी में रूस और यूक्रेन के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में हुई वार्ता लगभग एक साल तक सीधी बातचीत नहीं होने के बाद राजनयिक चैनलों के मामूली, लेकिन सार्थक पुनः उद्घाटन का प्रतिनिधित्व करती है। हालांकि, इन बैठकों से कोई व्यापक शांति समझौता नहीं हुआ, लेकिन कैदियों की अदला-बदली पर सहमति बनी और चर्चा को उन मुद्दों पर केंद्रित रखा गया, जो यह निर्धारित करने में सबसे महत्वपूर्ण हैं कि क्या युद्ध को अंततः समाप्त किया जा सकता है।
अबू धाबी वार्ताः फरवरी के बाद से यूक्रेनी, रूसी और अमेरिकी वार्ताकारों के बीच हुई अबू धाबी वार्ता पहली त्रिपक्षीय चर्चा थी। इसका मुख्य उद्देश्य जरूरी नहीं कि कोई अंतिम समझौता करना था, बल्कि यह परखना था कि क्या पक्ष मानवीय उपायों पर अपने मतभेदों को कम कर सकते हैं और आगे की बातचीत के लिए एक रूपरेखा स्थापित कर सकते हैं। इसका सबसे स्पष्ट और तत्काल परिणाम युद्धबंदियों के बड़े पैमाने पर आदान-प्रदान पर सैद्धांतिक सहमति के रूप में सामने आया। इस तरह के आदान-प्रदान अंतर्निहित संघर्ष को हल नहीं करते हैं, लेकिन वे महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इससे मानवीय पीड़ा कम होती है, यह प्रदर्शित होता है कि संचार चैनल काम कर रहे हैं और प्रतिद्वंद्वियों के बीच विश्वास का न्यूनतम स्तर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
बातचीत में संभावित मानवीय और तकनीकी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई, जिसमें ऊर्जा क्षेत्र के लिए संघर्षविराम, काला सागर में नौवहन, अनाज से संबंधित मुद्दे और आगे कैदियों की रिहाई शामिल हैं। ये उपाय महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि वे नागरिकों को होने वाले नुकसान को कम कर सकते हैं और दोनों पक्षों के लिए कूटनीतिक संपर्क बनाए रखने के व्यावहारिक प्रोत्साहन पैदा कर सकते हैं।
फिर भी, व्यापक परिणाम सीमित रहे। सामान्य युद्धविराम पर कोई बड़ी सफलता नहीं मिली, क्षेत्र को लेकर कोई सहमत फार्मूला सामने नहीं आया और यूक्रेन की दीर्घकालिक सुरक्षा स्थिति का भी कोई अंतिम समाधान नहीं हुआ। इसलिए, इन वार्ताओं को कूटनीतिक मोड़ के बजाय एक प्रक्रियात्मक कदम के रूप में समझा जाना चाहिए।
मुख्य बाधाएं: सबसे बड़ी बाधाएं क्षेत्रीय विवाद और यूक्रेन के नाटो में शामिल होने को लेकर राष्ट्रपति जेलेंस्की का रुख हैं। यूक्रेन उन क्षेत्रों से रूसी वापसी की मांग करता रहा है, जिन्हें रूस ने अपने में मिला लिया है। इसके विपरीत, रूस अपने कब्जे वाले क्षेत्रों पर नियंत्रण बनाए रखना चाहता है और उसकी मांग है कि जेलेंस्की लिखित रूप में यह गारंटी दें कि यूक्रेन कभी नाटो में शामिल नहीं होगा। यूक्रेन इसे अपनी रणनीतिक स्वायत्तता पर हमला मानता है।
क्षेत्रीय प्रश्न का समाधान युद्धोत्तर सुरक्षा संरचना स्थापित होने के बाद ही संभव हो सकता है। इसके विपरीत, रूस पहले क्षेत्रीय रियायतें चाहता है और उसके बाद ही टिकाऊ सुरक्षा प्रतिबद्धताएं देने के लिए तैयार हो सकता है। यह असंगति अस्थायी युद्धविराम पर बातचीत को भी मुश्किल बना देती है।
शांति के संभावित मार्गः युद्ध को समाप्त करने का सबसे संभावित रास्ता न तो तत्काल जीत है और न ही कोई व्यापक शांति संधि, बल्कि तनाव कम करने से शुरू होने वाली एक चरणबद्ध प्रक्रिया है। एक संभावित क्रम में युद्धविराम, कैदियों का आदान-प्रदान, मानवीय गलियारे, नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमलों की सीमाएं और अंतरराष्ट्रीय निगरानी शामिल हो सकती है। ये उपाय संप्रभुता से जुड़े मुद्दों को हल नहीं करेंगे, लेकिन हिंसा को कम कर सकते हैं और अधिक कठिन वार्ताओं के लिए जगह बना सकते हैं।
दूसरा संभावित परिणाम एक 'फ्रोजन' संघर्ष हो सकता है। इस परिदृश्य में मौजूदा मोर्चों पर लड़ाई धीमी हो जाती है या रुक जाती है, लेकिन कोई औपचारिक राजनीतिक समझौता नहीं होता। यूक्रेन अपने अधिकांश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त क्षेत्र को बनाए रखेगा, जबकि रूस अपने कब्जे वाले क्षेत्रों पर नियंत्रण जारी रख सकता है। इस तरह की व्यवस्था तत्काल हताहतों की संख्या कम कर सकती है, लेकिन युद्ध के मूल कारणों को अनसुलझा छोड़ देगी और भविष्य में फिर से लड़ाई शुरू होने की आशंका बनी रहेगी।
तीसरा रास्ता बाहरी सुरक्षा गारंटियों द्वारा समर्थित वार्ता-आधारित युद्धविराम का हो सकता है। इसके लिए आवश्यक होगा कि यूक्रेन को भविष्य के हमलों से विश्वसनीय सुरक्षा मिले, रूस शत्रुता फिर से शुरू करने की अपनी क्षमता पर सीमाएं स्वीकार करे और दोनों पक्ष निगरानी वाले युद्धविराम पर सहमत हों।
एक स्थायी अंत के लिए शर्तें: यदि कई शर्तें पूरी होती हैं, तो युद्ध का स्थायी रूप से समाप्त होना अधिक संभावित हो सकता है। यूक्रेन को रूस को यह गारंटी देनी होगी कि वह नाटो में शामिल होकर रूस के लिए कोई सुरक्षा खतरा पैदा नहीं करेगा। दूसरी ओर, रूस को भी यूक्रेन की आर्थिक और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को समझने की आवश्यकता होगी।
किसी भी समझौते के लिए प्रभावी प्रवर्तन तंत्र की भी आवश्यकता होगी। सत्यापन, विवाद-समाधान की प्रक्रियाओं और उल्लंघनों के लिए स्पष्ट परिणामों के बिना युद्धविराम नाजुक साबित होगा। अंतरराष्ट्रीय निगरानी, संकट-संचार चैनल और पारस्परिक तनाव-निवारण के उपाय अलग-थलग घटनाओं को बड़े पैमाने पर युद्ध में तब्दील होने से रोकने में मदद कर सकते हैं।
एक स्थायी शांति के लिए सावधानीपूर्वक शब्दांकन, चरणबद्ध कार्यान्वयन और बाहरी गारंटियों की आवश्यकता होती है, जो समझौते के अनुपालन को नए सिरे से संघर्ष के मुकाबले अधिक आकर्षक बनाती हैं। युद्ध के समाप्त होने की सबसे अधिक संभावना किसी अचानक व्यापक संधि के माध्यम से नहीं, बल्कि संघर्षविराम, मानवीय उपायों, सुरक्षा व्यवस्थाओं और क्षेत्र को लेकर कठिन समझौतों की एक क्रमिक प्रक्रिया के माध्यम से है। यह प्रक्रिया सफल होगी या नहीं, यह किसी एक बैठक पर कम और इस बात पर अधिक निर्भर करता है कि क्या दोनों पक्ष ऐसे परिणाम को स्वीकार कर सकते हैं, जो लड़ाई को तब तक रोक दे, जब तक कि किसी भी पक्ष को उन चीजों को छोड़ने के लिए मजबूर न किया जाए, जिन्हें वह अपने लिए आवश्यक हित मानता है।

प्रो. अंशु जोशी
(लेखिका जेएनयू में प्राध्यापक हैं।)