नई दिल्लीः दिवाली से पहले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है, 1 नवंबर से 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 10 रुपये बढ़ गए हैं। दिल्ली में अब इसकी कीमत 2,820 रुपये हो गई है हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे घरों में खाना बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर के ग्राहकों को राहत मिली है।
होटल और रेस्टोरेंट पर बढ़ेगा खर्च
कमर्शियल LPG सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और खाने-पीने के कारोबार में होता है । ऐसे में कीमत बढ़ने से इन कारोबारों का खर्च बढ़ सकता है। इसका असर आगे चलकर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी पड़ सकता है। इससे पहले 1 अक्टूबर को भी 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, वहीं सितंबर में भी इसके दाम बढ़ाए गए थे।
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम नहीं बदले
कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने के बावजूद 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 942 रुपये पर बनी हुई है । तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को LPG की कीमतों की समीक्षा करती हैं। कमर्शियल गैस के दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की कीमतों और रुपये-डॉलर की दर में होने वाले बदलाव के आधार पर तय किए जाते हैं। अलग-अलग शहरों में स्थानीय टैक्स के कारण कीमतों में अंतर हो सकता है।