प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से त्योहारों पर स्थानीय कारीगरों के बनाए उत्पाद खरीदने की अपील की। रविवार 25 अक्टूबर को ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड में कार्यक्रम के 12 साल पूरे होने पर उन्होंने कहा कि स्थानीय सामान को प्राथमिकता देने से कारीगरों का हौसला बढ़ेगा और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को मजबूती मिलेगी ।
पीएम मोदी ने भारतीय उत्पादों की बढ़ती वैश्विक पहुंच का जिक्र करते हुए बताया कि बिहार के पूर्णिया का मखाना ग्रीस और कर्नाटक के कलबुर्गी की अरहर दाल मालदीव तक पहुंच रही है , इससे किसानों के लिए नए बाजार खुलने की संभावनाएं बढ़ रही हैं ।
एक दिन में 28 करोड़ रुपये से ज्यादा की खादी बिक्री
प्रधानमंत्री ने बताया कि गांधी जयंती पर खादी ग्रामोद्योग के उत्पादों की बिक्री एक दिन में 28 करोड़ रुपये से अधिक रही। यह पिछले साल के मुकाबले करीब 1.5 करोड़ रुपये ज्यादा है, उन्होंने कहा कि खादी और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों की मेहनत का फायदा ग्राहकों की खरीदारी से उन्हें मिल सकता है।
अंगदान से लेकर पारंपरिक खेती तक का जिक्र
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम की शिवानी का उदाहरण देते हुए अंगदान के महत्व पर बात की। उन्होंने पंजाब में पारंपरिक कृषि पद्धतियों और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों का भी जिक्र किया ।
पीएम मोदी ने स्वतंत्रता सेनानी भाई परमानंद को भी याद किया जिनकी 150वीं जयंती 4 नवंबर को मनाई जाएगी। उन्होंने युवाओं से उनके जीवन और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान के बारे में जानने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ उनके लिए देश के लोगों के प्रयासों को करीब से समझने और उनके योगदान को सम्मान देने की यात्रा रही है।