“यात्री सेवा सबसे पहली जिम्मेदारी, रेल सेवा का चेहरा कर्मचारी” जरूरत के वक्त यात्रियों को सहायता और विनम्र व्यवहार पर दिया जोर
अहमदाबाद। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर लोको पायलटों और रेलवे कर्मचारियों से मुलाकात कर यात्री सेवा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों से कहा कि यात्रियों की सुविधा, सहायता और सुरक्षित यात्रा रेलवे सेवा की सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुश्किल वक्त में तुरंत मदद पहुंचे
रेल मंत्री ने कर्मचारियों के साथ सीधे संवाद करते हुए यात्रियों की जरूरतों को समझने और जरूरत पड़ने पर उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। वैष्णव ने रेलवे कर्मचारियों से कहा कि स्टेशन हो या ट्रेन, यात्रियों को किसी भी तरह की आवश्यकता होने पर उन्हें सहायता उपलब्ध कराने में तत्परता जरूरी है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, महिलाओं और ऐसे यात्रियों को प्राथमिकता देने की जरूरत है, जिन्हें अतिरिक्त सहायता की आवश्यकता हो सकती है।
लोको पायलटों से भी संवाद
अहमदाबाद स्टेशन पर रेल मंत्री ने लोको पायलटों और अन्य रेलवे कर्मचारियों से बातचीत की। संवाद के दौरान उन्होंने रेलवे संचालन में कर्मचारियों की भूमिका और यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उनका संदेश साफ था कि रेलवे की व्यवस्थाओं के साथ-साथ यात्री को मिलने वाली सहायता और व्यवहार की गुणवत्ता भी रेलवे सेवा का अहम हिस्सा बने।