न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राज्य सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर 8 सितंबर 2026 दिन मंगलवार को रांची स्मार्ट सिटी परिसर के जुपमी भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. उपस्थित लोगों ने उनके आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं योगदान को स्मरण किया. इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया तथा ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई.
विकास की सभी योजनाओं में वो सदैव जनता के हित को सर्वोपरि रखते थे: सूरज कुमार
इस मौके पर राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक और रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के सीईओ सूरज कुमार नें कहा कि सुदिव्य सर के मार्गदर्शन में किए गए कार्य और राज्य के शहरों को सुव्यवस्थित करनें के उनके परिकल्पना को हमेशा याद किया जाएगा. विकास की सभी योजनाओं में वो सदैव जनता के हित को सर्वोपरि रखते थे. निदेशक ने सभी कर्मियों को भी सलाह दिया कि इस भागदौड़ की जिंदगी में हमसब को अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरुक और तत्पर रहना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि आप समय समय पर अपना स्वास्थ्य जांच कराएं और कुछ परेशानी है तो संबंधित बिमारी के विशेषज्ञ चिकित्सक से मिलें.
ये रहे शामिल
श्रद्धांजलि सभा में शामिल होनेवाले अधिकारियों में स्मार्ट सिटी के सीईओ सूरज कुमार, निदेशक नगरीय प्रशासन निदेशालय नैंसी सहाय, सीईओ जेएसएलपीएस अनन्य मित्तल, सूडा के सहायक निदेशक सूरज कुमार, सुमित कुमार,नगरीय प्रशासन निदेशालय की सहायक निदेशक अभिलाषा कुमारी, अंशु कुमारी,स्मार्ट सिटी की ओर से महाप्रबंधक राकेश कुमार, मुख्य वित्त पदाधिकारी ज्योति पुष्प, पीआरओ अमित कुमार, परियोजना प्रबंधक, प्रबंधक, डीएमए और सूडा के पदाधिकारी मौजूद रहे.