न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: धनबाद शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल कोर्ट रोड पर आज बुधवार को संयुक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. एसडीएम लोकेश बारंगे के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की टीम ने रणधीर वर्मा चौक से डीआरएम चौक तक कार्रवाई की. इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, काउंटर, गुमटी समेत अन्य अतिक्रमण को हटाया गया.
अभियान के दौरान नगर निगम के बुलडोजर और ट्रैक्टर की मदद से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया. कार्रवाई में कई सामान जब्त किए गए, जिन्हें ट्रैक्टर के जरिए नगर निगम कार्यालय ले जाया गया. इस दौरान सड़क पर और किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े बाइक समेत अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की गई.
प्रशासन के अनुसार, कोर्ट रोड पर लगातार लगने वाले जाम और बढ़ते अतिक्रमण के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. इसी को देखते हुए यह अभियान चलाया गया.
एसडीएम लोकेश बारंगे ने कहा कि कोर्ट रोड शहर का बेहद महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग है. यहां अवैध तरीके से काउंटर, गुमटी और ठेले लगाने के साथ वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से यातायात प्रभावित होता है. आम जनता की सुविधा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा. बुधवार को रणधीर वर्मा चौक से डीआरएम चौक तक कार्रवाई की गई. अब देखना होगा कि प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद कोर्ट रोड को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नियमित निगरानी कितनी प्रभावी रहती है.
इसे भी पढ़ें: पलामू: भारत गैस एजेंसी चोरी कांड का 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश, 2.43 लाख रुपये बरामद, एक गिरफ्तार