राहुल कुमार/ न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: थाना क्षेत्र के बोदा पंचायत अंतर्गत चीरो गांव स्थित डैम में बुधवार दोपहर एक युवक का शव तैरता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. डैम के किनारे से एक बाइक भी लावारिस हालत में बरामद की गई है. शव की पहचान चंदवा निवासी संतोष अग्रवाल (43 वर्ष), पिता राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि संतोष अग्रवाल सोमवार से ही लापता थे. परिजन लगातार उनकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था. बुधवार को चीरो डैम में शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
स्थानीय गोताखोरों की मदद से निकाला गया शव
शव मिलने की सूचना पर चंदवा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को डैम से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
इधर, डैम के किनारे से जेएच-19 ई-7473 नंबर की बाइक लावारिस हालत में बरामद होने के बाद घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. स्थानीय स्तर पर कुछ लोग इसे हत्या की आशंका से जोड़ रहे हैं, जबकि आत्महत्या की संभावना की भी चर्चा है. हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम पुष्टि नहीं की गई है.
कुछ लोगों के साथ देखे जाने की भी चर्चा
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, संतोष अग्रवाल को कुछ लोगों के साथ डैम के आसपास देखे जाने की बात सामने आ रही है. हालांकि, इसके बाद उनके साथ क्या हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
मामले को लेकर पुनि सह थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद सिंह ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संतोष अग्रवाल की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और परिस्थितियों की भी जांच कर रही है.
फिलहाल युवक की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस की जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: जिला खनन विभाग ने अवैध खनन, भंडारण व परिवहन के विरुद्ध की बड़ी कार्रवाई, आदित्यपुर से बालू लदा वाहन को किया जब्त