पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा थाना क्षेत्र के सरांगो नवाटोली बगीचा में रविवार को सेरेंगदाग एवं बॉक्साइट खनन प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में इटकीरी से सेरेंगदाग तक जर्जर हो चुकी सड़क के निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की.
सैकड़ों बॉक्साइट ट्रकों के परिचालन से खराब हो रही सड़क
ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के समय विधायक और सांसद बनने के लिए प्रत्याशी गरीब एवं ग्रामीण जनता से बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद ग्रामीणों की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया जाता. ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र से प्रतिदिन सैकड़ों बॉक्साइट ट्रकों का परिचालन होता है, जिससे सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. इसके बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में अब तक ठोस पहल नहीं की गई है.ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र से बॉक्साइट का लगातार खनन और परिवहन हो रहा है, जिससे कंपनी को आर्थिक लाभ मिल रहा है, लेकिन खनन प्रभावित गांवों के लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है. कई वर्षों से ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है.सड़क की स्थिति इतनी जर्जर हो चुकी है कि जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. बॉक्साइट ट्रकों के आवागमन से उड़ने वाली धूल से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों और गर्भवती महिलाओं को होती है. ग्रामीणों का कहना है कि 108 एंबुलेंस तक कई बार इस क्षेत्र में पहुंचने में परेशानी होती है. निजी वाहन से मरीज को प्रखंड मुख्यालय तक ले जाने में भी काफी समय लग जाता है.
ग्रामीणों की शिकायत- कई बार आवाज उठाई गई, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन बेखबर
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार आवाज उठाई गई, लेकिन अब तक न तो जनप्रतिनिधियों और न ही प्रशासन की ओर से अपेक्षित पहल हुई है. बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण की मांग अब केवल मांग तक सीमित नहीं रहेगी. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा. इसके लिए ग्रामीणों द्वारा आंदोलन की रणनीति तैयार की जा रही है और जल्द ही आंदोलन की रूपरेखा सार्वजनिक की जाएगी.
यह भी पढ़ें: फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की 21 सदस्यीय कार्यकारिणी चुनाव के लिए मतदान समाप्त