न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर चल रहे विवाद के बीच आज 24 अगस्त को झारखंड हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में दो अहम याचिकाओं पर सुनवाई होनी है. एक ओर हाईकोर्ट में राज्य सरकार की ओर से 22 भर्ती परीक्षाओं को रद्द, 6 को स्थगित और 17 परीक्षाओं को जांच के दायरे में रखने के फैसले को चुनौती दी गयी है. वहीं दूसरी ओर 14वीं JPSC PT और JSSC CGL परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर CBI जांच की मांग वाली जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है. इन दोनों ही सुनवाई पर आज लाखों युवकों की नजरें टिकी है.
झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की एकल पीठ आज सोमवार को राज्य सरकार की ओर से 18 अगस्त को जारी अधिसूचना को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करेगी. अभ्यर्थियों की ओर से इन फैसलों को चुनौती देते हुए कहा गया है कि कई भर्ती परीक्षाओं की चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी थी. ऐसे में पूरी प्रक्रिया रद्द करने से उन अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित होगा, जिन्होंने वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद परीक्षा और चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरण पूरे किये हैं.
सुप्रीम कोर्ट में भी आज झारखंड की भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मामले में अहम सुनवाई होनी है. चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ 14वीं JPSC PT और JSSC CGL परीक्षा में कथित धांधली से संबंधित जनहित याचिका पर सुनवाई करेगी. यह याचिका हरिशरण देवगन की ओर से अधिवक्ता सत्यम सिंह राजपूत के माध्यम से दाखिल की गयी है.
याचिका में आरोप लगाया गया है कि परीक्षा के संचालन और मूल्यांकन की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं. याचिकाकर्ता ने संबंधित परीक्षा प्रक्रिया को रद्द कर नये सिरे से निष्पक्ष परीक्षा कराने और पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: कल झारखंड कैबिनेट की अहम बैठक, JPSC-JSSC परीक्षाओं पर रोक और आयोग में नियुक्तियों पर हो सकता है मंथन