न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: प्रतियोगी परीक्षाओं में सुधार और भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही 'भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा' के क्रम में छात्र नेता देवेंद्र महतो यात्रा के 9वें दिन धनबाद पहुंचे. संथाल परगना और उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के दौरे के अंतिम चरण में धनबाद पहुंचे देवेंद्र महतो ने शिक्षाविद बिनोद बिहारी महतो के आवास पर मीडिया कर्मियों को संबोधित किया.
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षाविद बिनोद बिहारी महतो के आह्वान ‘पढ़ो और लड़ो’ के रास्ते पर चलते हुए युवाओं की आवाज को बुलंद किया जा रहा है. उन्होंने कहा किया कि राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती अभियान को युवाओं और आम लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है.संथाल परगना के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने उनसे आंदोलन को उसके अंजाम तक पहुंचाने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ देवेंद्र महतो की आवाज नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के युवाओं की आवाज है. झारखंड के युवाओं को नौकरी उनकी योग्यता के आधार पर मिलनी चाहिए, न कि पैसे के बल पर.
उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि “सरकार के शागिर्दों ने यहां नौकरी की दुकान खोल दी है.” उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और इसमें केवल छोटे स्तर के लोगों पर कार्रवाई नहीं, बल्कि यदि बड़े नेता या अधिकारी भी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए.
देवेंद्र महतो ने बताया कि राज्य के 24 जिलों में से अब तक 12 जिलों का दौरा पूरा किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य युवाओं को एकजुट करना और भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को मजबूत करना है.
आज बलियापुर से शुरू होगी यात्रा
धनबाद दौरे के दौरान देवेंद्र महतो आज बलियापुर के बिनोदधाम से यात्रा की शुरुआत करेंगे. इसके बाद किसान चौक और मनिंद्र चौक होते हुए रणधीर वर्मा चौक तक यात्रा पहुंचेगी. इसके बाद पुटकी के प्रभु चौक पर लोगों से मुलाकात करने के बाद वे बोकारो के लिए रवाना होंगे.
इसे भी पढ़ें: पलामू: मूसलाधार बारिश से बढ़ा सोन नदी का जलस्तर, तटीय इलाकों में बढ़ी चिंता