सागर कुमार/न्यूज11 भारत
भुरकुंडा/डेस्क: भुरकुंडा श्रीअग्रसेन स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जन्माष्टमी महोत्सव उल्लास के साथ मनाया गया. इस दौरान स्कूल परिसर कृष्णमय नजर आया. बच्चे मुकुट, बांसुरी, मोरपंख और मोतियों की रंग-बिरंगी माला धारण कर नटखट नंद गोपाल, राधा, सुदामा, वासुदेव, देवकी, ग्वाले और गोपियों की वेशभूषा में स्कूल पहुंचे. बच्चों ने कृष्ण, राधा और गोपियों की वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुत कर श्रीकृष्ण की बाल्यावस्था की शरारतों और माखन चोरी को दर्शाते हुए समां बांध दिया. इसके अलावा बच्चों ने झूले का आनंद लिया. रस्साकशी प्रतियोगिता में भी बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. इसमें कभी नटखट बाल गोपाल की टोली तो कभी राधा और गोपियों की टोली भारी पड़ती रही.
इस अवसर पर स्कूल के निदेशक प्रवीण राजगढ़िया ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने बल और बुद्धि से बुराई पर विजय प्राप्त की. हमें परिणाम की चिंता किए बिना पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्य पथ पर निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए. श्रीकृष्ण के संदेशों को आत्मसात कर जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है.
प्राचार्य विवेक प्रधान ने कहा कि हमारे पर्व-त्योहार हमारी सभ्यता और संस्कृति के प्रतीक हैं. ये पर्व हम सभी को एक सूत्र में पिरोने का काम करते हैं. कार्यक्रम के अंत में बच्चों की टोली ने मटकी फोड़ी. इस दौरान हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की..., गोविंदा आला रे... जैसे गीत गूंजते रहे. आयोजन को सफल बनाने में महोत्सव को सफल बनाने में मम्पी पॉल, सोनम खातून, प्रीति कुमारी, रीता राय, सीमा लकड़ा, मानसी, इरम आदि का योगदान रहा.
यह भी पढ़ें: गढ़वा DC पशुपतिनाथ मिश्रा के अध्यक्षता में मिशन शक्ति के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर हुई जिला स्तरीय समिति की बैठक