न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रिश्वत लेने के आरोप में जेल में बंद आरोपी अमीन गणेश महतो की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी कर ली गयी है. एसीबी की विशेष कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा है. मामले में 10 सितंबर को कोर्ट अपना फैसला सुनाएगा. गणेश महतो ने 7 सितंबर को याचिका दाखिल कर कोर्ट से जमानत की गुहार लगाई है. इससे पहले एक बार कोर्ट से जमानत याचिका खारिज हो चुकी है. आरोपी अमीन गणेश महतो सिल्ली अंचल कार्यालय में कार्यरत था. जमीन की मापी और नक्शा तैयार करने के एवज में आरोपी अमीन ने वासुदेव महतो नामक व्यक्ति से घूस मांगी थी, जिसकी शिकायत वासुदेव ने एसीबी से की थी.
जांच एजेंसी ACB ने जाल बिछाकर कार्रवाई करते हुए उसे 8000 रुपए घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था. शिकायत में वासुदेव महतो ने जांच एजेंसी एसीबी को बताया था कि अपनी 20 डिसमिल जमीन जिसका खाता संख्या 13, प्लॉट संख्या 676, रकबा 171 डिसमिल की नापी के लिए 16 दिसंबर 2025 को सिल्ली अंचल में ऑनलाइन आवेदन किया था. आवेदन के बाद, अंचल कार्यालय सिल्ली में कार्यरत अमीन गणेश महतो ने 10 फरवरी 2026 को भूमि की नापी की. नापी के बाद गणेश महतो ने नापी रिपोर्ट और नक्शा तैयार करने के बदले वासुदेव से 8 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की. वासुदेव महतो रिश्वत देकर काम नहीं करवाना चाहते थे. इसलिए इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रांची से की. एसीबी की टीम ने शिकायत का सत्यापन कर 8000 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था.
यह भी पढ़ें- CDPO भर्ती रद्द करने के फैसले पर JPSC का जवाब, हाईकोर्ट में कहा- सरकार को चयन प्रक्रिया रोकने का अधिकार