न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: धनबाद रेलवे स्टेशन पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ RPF को बड़ी सफलता मिली है. RPF की स्पेशल टास्क टीम ने गश्त और जांच के दौरान हावड़ा-ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस से भारी मात्रा में शराब बरामद की है. ट्रेन के पिछले जनरल कोच से लावारिस हालत में मिले तीन पिट्ठू बैग और दो प्लास्टिक के थैलों की तलाशी लेने पर 66.75 लीटर केन बियर और अंग्रेजी शराब बरामद हुई. जब्त शराब की कीमत करीब 20 हजार 460 रुपये आंकी गई है.
मामला धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 का है, जहां ट्रेन संख्या 13051 हावड़ा-ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस के पहुंचने के बाद RPF की स्पेशल टास्क टीम जांच कर रही थी. इसी दौरान ट्रेन के पिछले जनरल कोच में तीन पिट्ठू बैग और दो प्लास्टिक के थैले संदिग्ध हालत में मिले.
मौजूद यात्रियों से बैग और थैलों के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी इन पर अपना मालिकाना हक नहीं जताया. इसके बाद RPF जवानों ने गवाहों की मौजूदगी में सभी बैगों की तलाशी ली. तलाशी के दौरान कुल 66.75 लीटर केन बियर और अंग्रेजी शराब बरामद की गई. जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 20,460 रुपये बताई जा रही है.
बरामद शराब और बियर की बोतलों पर ‘FOR SALE IN WB ONLY’ अंकित है. इससे आशंका जताई जा रही है कि शराब को पश्चिम बंगाल से बिहार या किसी अन्य प्रतिबंधित क्षेत्र में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था. ट्रेन के अल्प ठहराव को देखते हुए RPF टीम ने बरामद बैगों को प्लेटफॉर्म के हावड़ा छोर पर उतारा और शनिवार तड़के करीब 3 बजकर 30 मिनट पर गवाहों की मौजूदगी में जब्ती की कार्रवाई पूरी की.
RPF पोस्ट धनबाद के उप-निरीक्षक प्रशांत कुमार की लिखित शिकायत के आधार पर जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंपा जाएगा. फिलहाल RPF और संबंधित विभाग शराब तस्करी से जुड़े मुख्य आरोपी और शराब के स्रोत का पता लगाने में जुटे है.
इसे भी पढ़ें: न्यू फरक्का में रेलवे ट्रैक धंसने से पाकुड़ जाने वाली कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट, यात्री परेशान