न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची पुलिस द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनने एवं उनके त्वरित समाधान के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा नियमित रूप से जन वार्तालाप कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इसी क्रम में आज कोतवाली थाना क्षेत्र के नागरिकों के साथ पुलिस कार्यालय में जन वार्तालाप कार्यक्रम के तहत बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक, नगर, पुलिस अधीक्षक, यातायात एवं अपर पुलिस अधीक्षक, कोतवाली सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे.
बैठक में क्षेत्र के व्यवसायी, सामाजिक कार्यकर्ता, केंद्रीय शांति समिति के सदस्य, राजनीतिक प्रतिनिधि, वार्ड पार्षद एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित हुए. उपस्थित नागरिकों द्वारा क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, यातायात, अतिक्रमण एवं असामाजिक गतिविधियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं को वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के समक्ष रखा गया. नागरिकों द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची द्वारा कई महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय एवं निर्देश :
1. अघोरी आश्रम के पास बंद चीनी फैक्ट्री में असामाजिक गतिविधियों पर रोक हेतु पुलिस पोस्ट स्थापित करने का निर्णय
बड़ा तालाब के समीप स्थित अघोरी आश्रम के पास बंद चीनी फैक्ट्री के परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा असामाजिक गतिविधियां किए जाने की शिकायत को गंभीरता से लिया गया. उक्त स्थल को चिह्नित कर वहां पुलिस पोस्ट स्थापित करने का निर्णय लिया गया है.
पुलिस पोस्ट पर एक बीट ऑफिसर की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा Tiger Mobile पेट्रोलिंग के साथ चार पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी. इनके द्वारा उक्त क्षेत्र में 24×7 पेट्रोलिंग एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाएगी. इसका उद्देश्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना तथा क्षेत्र में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है.
2. नो-एंट्री क्षेत्र में बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश एवं पार्किंग पर सख्ती
जनता द्वारा जालान रोड, भुइयाँ टोली, किशोरी सिंह यादव चौक, सेवा सदन क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में नो-एंट्री के दौरान बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश एवं सड़क पर खड़े रहने से उत्पन्न होने वाली यातायात समस्या को प्रमुखता से उठाया गया. इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि नो-एंट्री के निर्धारित समय के दौरान कोई भी बड़ा मालवाहक वाहन नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश अथवा सड़क पर खड़ा नहीं रहेगा.
माल व्यवसाय से जुड़े वाहनों को नो-एंट्री समाप्त होने के बाद ही संबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने तथा नो-एंट्री लागू होने से पूर्व संबंधित क्षेत्र से बाहर निकल जाने का निर्देश दिया गया है. नो-एंट्री अवधि में यदि कोई बड़ा वाहन सड़क पर खड़ा पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान किया जाएगा.
3. नागा बाबा खटाल सब्जी बाजार में अतिक्रमण एवं यातायात व्यवस्था के संबंध में
बैठक में उपस्थित दो वार्ड पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा नागा बाबा खटाल स्थित सब्जी बाजार में सड़क पर सब्जी लगाए जाने के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं से अवगत कराया गया. इस संबंध में यह निर्णय लिया गया कि नगर निगम के संबंधित पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया जाएगा तथा नगर निगम के सहयोग से अतिक्रमण हटाने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश:-
* क्षेत्र में ग्राउंड लेवल पुलिसिंग एवं नियमित पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया.
* Tiger Mobile एवं बीट पुलिसिंग को सक्रिय रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने को कहा गया.
* यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस एवं संबंधित थाना पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया.
* असामाजिक तत्वों एवं नशे से संबंधित गतिविधियों के विरुद्ध लगातार निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
* क्षेत्र में विधि-व्यवस्था से संबंधित प्राप्त होने वाली शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.
* नागरिकों द्वारा बताई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को फॉलो-अप एवं अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची ने कहा कि जन समस्या समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना, उनके समाधान के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाना तथा पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है. उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं एवं असामाजिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने में रांची पुलिस का सहयोग करें.