रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
चाईबासा/डेस्क: चक्रधरपुर रेलमंडल अंतर्गत हावड़ा- मुंबई में लाइन से बेंगलुरु जा रही युवती को कन्फर्म टिकट दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी रेलकर्मी कपिलेश्वर सिंह को रेलवे ने नौकरी से बर्खास्त कर दिया है. आरोपी राउरकेला रेलवे स्टेशन पर वॉल्व ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था.
चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने बर्खास्तगी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही 3 सितंबर, गुरुवार को आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे सेवा से हटा दिया गया. वहीं, रेलवे पुलिस ने आरोपी को कल शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, वह प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर सुबह 11:30 बजे ट्रेन का इंतजार कर रही थी. तभी आरोपी वहां पहुंचा और खुद को रेलकर्मी बताकर उसका टिकट देखा. टिकट कन्फर्म नहीं होने की बात कहकर मदद के बहाने वह उसे वॉल्व ऑपरेटर रूम में ले गया और वहां घटना को अंजाम दिया.
पीड़िता ने देर शाम रेलवे पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था.
इसे भी पढ़ें: रांची विवि दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज, आज से मिलेगा गेट पास और ड्रेस