न्यूज़11 भारत
पाकुड़/डेस्क: पश्चिम बंगाल के न्यू फरक्का और तीलडांगा के बीच लगातार बारिश से रेलवे ट्रैक धंस गया है, जिससे पाकुड़ रेलवे स्टेशन होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है. इसके मद्देनजर कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है. इससे पश्चिम बंगाल, खासकर रामपुरहाट, बोलपुर, वर्धमान और कोलकाता जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है.
रेलवे ट्रैक धंसने के बाद ट्रैक की मरम्मत के लिए विशेषज्ञों की टीम को लगाया गया है. मौके पर युद्धस्तर पर मरम्मत का काम चल रहा है, ताकि जल्द से जल्द रेल परिचालन सामान्य किया जा सके. ट्रेनों के अचानक रद्द होने और रूट बदलने से पाकुड़ स्टेशन पर यात्रियों में बेचैनी देखने को मिली.

पाकुड़ से बड़ी संख्या में यात्री इलाज, रोजगार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए पश्चिम बंगाल के विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं. ऐसे में ट्रेनों के प्रभावित होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है.
रांची से पाकुड़ ट्रेन पकड़ने पहुंचे यात्री रंजीत मिंज ने बताया कि ट्रेन रद्द होने के कारण उन्हें वापस घर लौटना पड़ रहा है.
वहीं पाकुड़ रेलवे स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक एल.आर. हेम्ब्रम ने बताया कि रेलवे ट्रैक धंसने के कारण पाकुड़ होकर मालदा और मालदा से पाकुड़ आने-जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का मार्ग बदला गया है. अप और डाउन में कुलिक एक्सप्रेस, बालूरघाट एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, गौर एक्सप्रेस और कंचनजंगा एक्सप्रेस को रद्द किया गया है. वहीं उत्तरबंग एक्सप्रेस, जोगबनी एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है.
इसे भी पढ़ें: रांची: रिम्स में चोरी, AC का लाखों रुपये का कॉपर पाइप काटकर ले गए चोर