विश्वकर्मा भारती/न्यूज 11 भारत
बेरमो/डेस्क: डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा की मेधावी छात्रा शारा सिन्हा ने सीसीएल की प्रतिष्ठित ‘लाल- लाडली योजना’ में चयनित होकर विद्यालय एवं अपने माता-पिता को गौरवान्वित किया है. शारा मुकेश कुमार एवं माला सिन्हा की सुपुत्री हैं.
ज्ञात हो कि सीसीएल की ‘लाल लाडली योजना’ प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को संवारने की दिशा में एक सराहनीय पहल है. इसके तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 11वीं एवं 12वीं की पढ़ाई के साथ-साथ आईआईटी-जेईई एवं नीट की नि: शुल्क विशेष कोचिंग दी जाती है. चयनित विद्यार्थी डीएवी गांधीनगर में अध्ययन करते हैं तथा उन्हें छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है. अनुभवी शिक्षकों, आईआईटी विशेषज्ञों एवं प्रतिष्ठित चिकित्सकों द्वारा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है.
सीसीएल लाल लाडली योजना की चयन परीक्षा 19 अप्रैल 2026 को आयोजित हुई थी, जिसका परिणाम मई 2026 में घोषित किया गया. इस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर शारा सिन्हा ने अपनी प्रतिभा एवं मेहनत का परिचय दिया है.
शारा की सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य सह- झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी. एन. खान ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिभा, परिश्रम और अनुशासन सफलता की आधारशिला हैं. उन्होंने सीसीएल की लाल लाडली योजना को प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने वाला महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए शारा को निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आशीर्वाद दिया.
अपनी सफलता पर छात्रा ने कहा कि उनके चयन में विद्यालय के सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उन्होंने अपने सभी शिक्षकों एवं माता-पिता के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी पूरी लगन से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की बात कही.
1 सितंबर 2026, मंगलवार को विद्यालय में छात्रा को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर एस मिश्रा,जितेंद्र दुबे, राकेश रंजन, आराधना,रेखा कुमारी, वीणा कुमारी, आलोक कुमार सिंह ओशीन, बबली कुमारी,सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे. विद्यालय परिवार ने सारा की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
यह भी पढ़ें: जन शिकायत निवारण में उपायुक्त ने सुनी ग्रामीणों की समस्या, निदान को लेकर दिए कई आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश