राहुल सिंह/न्यूज11 भारत
रामगढ़/डेस्क: रामगढ़ शहर के गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा का चश्मा विगत कई महीनों से असामाजिक तत्वों द्वारा चोरी कर लिया गया था. इस गंभीर विषय पर लंबे समय तक किसी का ध्यान नहीं गया, जिससे राष्ट्रपिता के सम्मान को ठेस पहुंच रही थी.
इसकी जानकारी मिलने पर सामाजिक संगठन रामगढ़ बचाओ संघर्ष समिति (RBSS) के केंद्रीय अध्यक्ष धनंजय कुमार पुटूस के नेतृत्व में संगठन के सदस्यों ने गांधी चौक पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा को विधिवत साफ कर स्नान कराया, माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की तथा नया चश्मा पहनाकर उन्हें सम्मान देने का कार्य किया.
इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सत्य, अहिंसा और राष्ट्र निर्माण के प्रतीक हैं. उनकी प्रतिमा के साथ किसी भी प्रकार की उपेक्षा या असम्मान पूरे समाज के लिए चिंताजनक है. प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि राष्ट्रीय महापुरुषों के सम्मान और स्मारकों की गरिमा बनाए रखे.
कार्यक्रम में रामगढ़ बचाओ संघर्ष समिति (RBSS) के सक्रिय सदस्य सुरेंद्र राम, अजय कुमार, सुबोध करमाली, रघुवरन स्वामी सहित कई गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: सिमडेगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन की वार्षिक आम बैठक 12 जुलाई को, आय व्यव का ब्यौरा किया जाएगा पेश