न्यूज़11 भारत
जामताड़ा/डेस्क: जिले के कर्माटांड़-नारायणपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार के कारण एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर गुणोडी नदी के समीप पलट गयी. इस भीषण दुर्घटना में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के रहने वाले कृष्ण गोस्वामी के रूप में हुई है. फिलहाल घायल चालक कृष्ण गोस्वामी का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो बेहद तेज गति में थी और गुणोडी नदी के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिससे चालक कृष्ण गोस्वामी गंभीर रूप से जख्मी हो गए. हादसे के वक्त वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े.
मौके पर भाग संख्या 4 के भावी जिला परिषद सदस्य छोटू अंसारी ने तुरंत एक निजी टोटो की व्यवस्था की और गंभीर रूप से घायल चालक को सुरक्षित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल तक एस्कॉर्ट करते हुए घायल चालक को समय पर अस्पताल के भीतर दाखिल करवाया, जिससे उसका समय पर इलाज शुरू हो सके. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर वाहनों की गति सीमा पर नियंत्रण रखने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: दिल्ली, कोलकाता और रांची में ED की बड़ी कार्रवाई! 7 ठिकानों पर छापेमारी