सागर कुमार/न्यूज11 भारत
भुरकुंडा/डेस्क: बुधवार को भगवान गणेश के दिन और श्रावण मास के अंतिम चरण के अवसर पर भुरकुंडा सीसीएल अस्पताल परिसर में भगवान गणेश मंदिर निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ पूजा-अर्चना के साथ किया गया. इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा कर मंदिर निर्माण कार्य निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक पूरा होने की कामना की.
मंदिर निर्माण कार्य के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भुरकुंडा सीसीएल के पीओ राकेश सत्यर्थी, भुरकुंडा सीसीएल मैनेजर अजय सिंह, रामशंकर पांडेय, जनप्रतिनिधि बबीता पांडेय, प्रियंका तिवारी एवं सुभाष मिश्रा सहित कई लोग मौजूद रहे.
पूजा-अर्चना के बाद राजमिस्त्री एवं मजदूरों द्वारा मंदिर निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई. धार्मिक विधि के अनुसार नाग-नागिन सहित अन्य पूजन सामग्री को भूमि के अंदर स्थापित करने के बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ाया गया.
मौके पर भुरकुंडा सीसीएल अस्पताल के प्रभारी डॉ. सुनील, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, पप्पू सिंह, रेखा कुमारी, विजेंद्र पासवान, भुरकुंडा दुर्गा कुमार, गणेश कुमार सहित सीसीएल अस्पताल के कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे.
मंदिर निर्माण में सहयोग की अपील
मंदिर निर्माण को पूरा करने के लिए सभी श्रद्धालुओं एवं समाज के लोगों से सहयोग की अपील की गई है. जो भी व्यक्ति अपनी इच्छानुसार सहयोग करना चाहते हैं, वे भुरकुंडा सीसीएल अस्पताल पहुंचकर सहयोग कर सकते हैं.
मंदिर निर्माण के लिए सीमेंट, बालू, ईंट, गिट्टी, रॉड तथा मजदूरी खर्च सहित अन्य आवश्यक सामग्री में सहयोग करने की अपील की गई है. सामूहिक सहयोग से बनने वाला यह मंदिर आने वाले समय में अस्पताल परिसर में श्रद्धा और आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा.