विकास कुमार/न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: हुसैनाबाद उत्तरी जिला परिषद क्षेत्र के देवरी खुर्द एवं देवरी कला पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (उपचार केंद्र) के निर्माण की दिशा में पहल शुरू हो गई है. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों पंचायतों में प्रस्तावित स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि का निरीक्षण एवं जांच कार्य पूरा किया. अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक विभूति कुमार एवं प्रखंड लेखा प्रबंधक प्रेममणि सुधांशु ने स्थल पर पहुंचकर भूमि का जायजा लिया.बताया गया कि क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आवश्यकता को देखते हुए हुसैनाबाद उत्तरी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य राजू कुमार मेहता ने पहल की थी.
उन्होंने पत्रांक 22/23-24, दिनांक 27 जुलाई 2024 को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, हुसैनाबाद को लिखित आवेदन देकर देवरी खुर्द एवं देवरी कला पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की मांग की थी. जिप सदस्य राजू कुमार मेहता ने कहा कि दोनों पंचायतों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए भूमि की जांच एवं निरीक्षण कार्य पूरा हो गया है. अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र बनने से क्षेत्र के लोगों को अपने ही पंचायत में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी और छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए स्वास्थ्य विभाग के सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं धन्यवाद दिया. साथ ही राज्य सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने देवरी खुर्द एवं देवरी कला पंचायत की जनता को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.
यह भी पढ़ें: मांडर के ऑक्सब्रिज स्कूल में शिक्षक दिवस की धूम, गरिमामयी और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया कार्यक्रम