न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है. उपायुक्त दिलेश्वर महतो एवं जिला परिवहन पदाधिकारी सत्येंद्र महतो के निर्देशा अनुसार बुधवार को परिवहन विभाग की टीम घाघरा के देवाकी, मुख्य सड़क पर बॉक्साइट लदे ट्रको की जांच की गई. जांच अभियान के दौरान वाहनों को रोककर उनके आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई. इस क्रम में इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाणपत्र, रूट परमिट, फिटनेस सहित अन्य कागजातों का सत्यापन किया गया. जांच में दस्तावेजों में कमी एवं वैधता संबंधी खामियां पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई.
कागजात अधूरे मिले तो तत्काल कार्रवाई
परिवहन विभाग की कार्रवाई का नेतृत्व मोटर यान निरीक्षक रॉबिन अजय सिंह एवं प्रदीप कुमार तिर्की ने संयुक्त रूप से किया. जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों एवं चालकों से कुल 40 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. अधिकारियों ने वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वैध एवं पूर्ण दस्तावेजों के बिना भारी वाहनों का परिचालन नहीं करें.
बॉक्साइट वाहनों पर विशेष नजर
जांच अभियान के दौरान बॉक्साइट लदे भारी वाहनों पर विशेष ध्यान दिया गया. अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा के साथ-साथ वाहन के वैध दस्तावेजों एवं निर्धारित नियमों के अनुपालन की जांच की. विभाग की कार्रवाई से वाहन चालकों एवं मालिकों में हड़कंप मच गया.
आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. विशेषकर भारी मालवाहक वाहनों की नियमित जांच कर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है. परिवहन विभाग की टीम आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न मार्गों एवं क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाएगी.
यह भी पढ़ें: बहरागोड़ा के पूर्णापानी स्कूल में शिक्षक की अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मौत