प्रमोद शर्मा, हापुड़: थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर रविवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब वैठ मोड़ चौकी के ऊपर फ्लाईओवर पर ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार 59 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी और कार चालक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार कार चालक अमित पुत्र सतीश निवासी ग्राम गढ़ी छतरी, थाना ओरछा, जिला मैनपुरी, बरेली से नोएडा की ओर जा रहा था। कार में 59 वर्षीय बीना पत्नी अमरनाथ, निवासी एकता नगर कॉलोनी, थाना प्रेम नगर, जिला बरेली और उनकी बेटी सौम्या भी सवार थीं। जैसे ही कार वैठ मोड़ चौकी के ऊपर एनएच-9 के फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार सवारों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में बीना गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं सौम्या और चालक अमित को चोटें आई हैं और उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।