प्रमोद शर्मा,हापुड़: थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनौली में फायरिंग की घटना में घायल हुए दीपक ने रविवार को उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम के साथ आक्रोश फैल गया। रविवार को जैसे ही एंबुलेंस से दीपक का शव बदनौली गांव के पास पहुंचा, गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। अचानक हुए प्रदर्शन से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया।
शव के सड़क पर पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दीपक की मौत के जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। ग्रामीणों ने दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी जताई।
स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार बदनौली फायरिंग प्रकरण में कार्रवाई करते हुए अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। दीपक की मौत के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है। अब पुलिस के सामने फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के साथ गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती भी है।