प्रमोद शर्मा, हापुड़: धौलाना थाने में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब थाने में तैनात सिपाही आशीष वर्मा ने कथित तौर पर सरकारी राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल सिपाही को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया गया है कि मृतक सिपाही आशीष वर्मा पुत्र श्रवणनाथ निवासी ग्राम हीरापुर, पोस्ट नगरिया, थाना निबोहरा, तहसील फतेहाबाद आगरा के रहने वाले थे और धौलाना थाने में तैनात थे। वह करीब 15 दिन की छुट्टी के बाद हाल ही में ड्यूटी पर वापस लौटे थे। प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आ रही है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से परेशान चल रहे थे। हालांकि, आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, इसका अभी स्पष्ट रूप से खुलासा नहीं हुआ है।
घटना के बाद थाने में तैनात पुलिसकर्मियों के बीच भी शोक और बेचैनी का माहौल बन गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां मौजूद परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। साथ ही सिपाही के सहकर्मियों और परिचितों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां बनीं, जिनके चलते उसने इतना बड़ा कदम उठाया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इस घटना ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों पर ड्यूटी के दबाव और मानसिक तनाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की तस्वीर साफ हो सकेगी।