प्रमोद शर्मा, हापुड़: धौलाना के यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र फेस-वन/फेस-टू में मंगलवार को पेंट बनाने वाली केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र को दहला दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की करीब दो अन्य फैक्ट्रियां भी इसकी चपेट में आ गईं। आग की ऊंची उठती लपटों और आसमान में छाए काले धुएं के गुबार को कई किलोमीटर दूर से देखा गया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि एहतियात के तौर पर नजदीकी पेट्रोल पंप को भी खाली कराया गया। सुरक्षा के लिए लगातार पानी की बौछार की जाती रही।
अज्ञात कारणों से लगी आग
मंगलवार को औद्योगिक क्षेत्र स्थित पेंट और केमिकल बनाने वाली फैक्ट्री में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। शुरुआत में फैक्ट्री के एक हिस्से में उठी लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री में केमिकल और ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में आग की लपटें आसपास तक पहुंच गईं और पास स्थित मुर्गी दाना बनाने वाली फैक्ट्री समेत एक अन्य फैक्ट्री भी आग की चपेट में आ गई। आग ने पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।
मौके पर दमकल की टीमें
आग की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की 12 गाड़ियां लगाई गईं। दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछार कर आग की लपटों को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने के साथ ही लोगों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी। आग के फैलने की आशंका को देखते हुए नजदीकी पेट्रोल पंप को खाली कराया गया और सुरक्षा के लिहाज से वहां लगातार पानी की बौछार की गई।
आग से मजदूरों में दहशत
औद्योगिक क्षेत्र में आग का विकराल रूप देखकर आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों में भी दहशत फैल गई। पुलिस और प्रशासन की मदद से कई फैक्ट्रियों से मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। काले धुएं के कारण पूरे इलाके में धुंध जैसा माहौल बन गया और कुछ समय के लिए लोगों में सांस संबंधी परेशानी की आशंका भी बनी रही।
आग पर 80 प्रतिशत काबू
पुलिस के आधिकारिक बयान के अनुसार, थाना धौलाना क्षेत्रांतर्गत केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की सूचना पर उच्चाधिकारी, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए 12 दमकल गाड़ियां लगाई गईं और करीब 80 प्रतिशत आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस के मुताबिक घटना में अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि शीघ्र ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा।
आग के कारणों की होगी जांच
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आग बुझने के बाद संबंधित विभागों द्वारा घटना के कारणों की जांच की जाएगी। वहीं फैक्ट्रियों में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का वास्तविक आंकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही सामने आएगा। पुलिस-प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें लगातार मौके पर डटी हुई हैं और पूरे क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।