प्रमोद शर्मा, हापुड़: थाना हापुड़ क्षेत्र के गांव बदनौली में फायरिंग की घटना में दीपक की मौत के बाद गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इसी बीच महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुणा राय ने गांव पहुंचकर मृतक दीपक के पिता से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना देते हुए ढांढस बंधाया।
महिला थाना प्रभारी ने शोकाकुल पिता से घटना के संबंध में बातचीत करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिजनों को धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस मामले में गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। पुलिस की ओर से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा भी परिजनों को दिया गया।
दीपक की मौत के बाद बदनौली में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण घटना को लेकर आक्रोशित हैं और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि दीपक की मौत ने परिवार को गहरा सदमा दिया है। घर में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गांव में पुलिस की मौजूदगी भी बढ़ाई गई है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। महिला थाना प्रभारी द्वारा शोक संतप्त परिवार के बीच पहुंचकर उन्हें सांत्वना देने से परिजनों को कुछ भावनात्मक सहारा मिला। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।