न्यूज 11 भारत
डेस्क,बहरागोड़ा: नव भारत साक्षरता कार्यक्रम ‘उल्लास’ के अंतर्गत नव साक्षरों के लिए आयोजित बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा रविवार को उत्क्रमित उच्च विद्यालय झांझिया में शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई. परीक्षा में क्षेत्र के नव साक्षरों ने उत्साह के साथ भाग लिया. खास बात यह रही कि परीक्षा केंद्र पर 60 से 70 वर्ष की उम्र के महिला एवं पुरुष भी पूरे उत्साह के साथ परीक्षा देते नजर आए. उम्र के इस पड़ाव पर पढ़ने-लिखने की ललक और सीखने का जज्बा लोगों के लिए प्रेरणा का विषय बना रहा.
परीक्षा के दौरान कई बुजुर्ग महिला एवं पुरुष परीक्षार्थी अपने हाथों में कलम लेकर प्रश्नों के उत्तर लिखते दिखाई दिए. उनके उत्साह से यह संदेश स्पष्ट दिखाई दिया कि शिक्षा सीखने की कोई उम्र नहीं होती. नव साक्षरों में परीक्षा को लेकर खासा उत्साह देखा गया.
परीक्षा का संचालन केंद्र अधीक्षक सह उत्क्रमित उच्च विद्यालय झांझिया की प्रभारी प्रधानाध्यापक आदित्य करण तथा झांझिया संकुल के सीआरपी सपन कुमार दत्ता की देखरेख में किया गया. केंद्र पर परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं और परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त रही.
इस अवसर पर केंद्र अधीक्षक आदित्य करण ने कहा कि, “उम्र कभी भी शिक्षा प्राप्त करने में बाधा नहीं बन सकती. आज 60 से 70 वर्ष की उम्र के महिला-पुरुष जिस उत्साह के साथ परीक्षा में शामिल हुए, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है. उल्लास कार्यक्रम के माध्यम से नव साक्षरों को पढ़ने-लिखने के साथ-साथ दैनिक जीवन में संख्यात्मक ज्ञान का उपयोग करने में सक्षम बनाना एक महत्वपूर्ण पहल है. शिक्षा के प्रति उनका यह उत्साह निश्चित रूप से अन्य लोगों को भी प्रेरित करेगा.”
उन्होंने कहा कि साक्षरता व्यक्ति के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उसे दैनिक जीवन के कार्यों में अधिक आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में शिक्षक संदीप कुमार अधिकारी, दुलाल सोरेन, अजीत कुमार सिंह, शिव शंकर दास एवं लिपिक लक्ष्मीकांत सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा. मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक सह केंद्र अधीक्षक आदित्य करण तथा झांझिया संकुल के सीआरपी सपन कुमार दत्ता मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: हैदरनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर बाजार क्षेत्र में भटके 4 वर्षीय बालक को किया सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा