न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के भिखही गांव में शराब पीने के बाद हुए विवाद में ससुर ने अपने दामाद की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी. हत्या के बाद दामाद का शव मकई के खेत से बरामद किया गया. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 40 वर्षीय गांधी भुइयां के रूप में हुई है. वहीं हत्या का आरोपी उसके ससुर जगदेव भुइयां बताया जा रहा है. घटना की पुष्टि छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ कुमार ने की है.
थाना प्रभारी सौरभ कुमार के अनुसार, बीती रात गांधी भुइयां और उसके ससुर जगदेव भुइयां एक साथ शराब पीने गए थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान जगदेव भुइयां ने कुल्हाड़ी से गांधी भुइयां पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई.
इसके बाद गांधी भुइयां का शव मकई के खेत में मिला. घटना की सूचना मिलने पर छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए. पुलिस हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. वहीं आरोपी जगदेव भुइयां के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: पलामू: झरगड़ा गांव में पागल कुत्ते का आतंक, चार बच्चों समेत पांच लोगों को काटा