न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के कछरा मोड़ के पास मंगलवार शाम चलाए गए एंटी-क्राइम वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ दो लोगों को पकड़ा है, जिनमें से एक बालिग और एक नाबालिग शामिल है.
पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम लगभग 7:00 बजे पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अवर निरीक्षक विमल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रामचंद्र सिंह एवं सशस्त्र बल के जवानों द्वारा कछरा मोड़ के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था, इसी दौरान शाम लगभग 7:50 बजे छतरपुर की तरफ से पैदल आ रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत हुई. पुलिस बल को देखते ही दोनों व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया, जिन्हें सशस्त्र बल के सहयोग से तत्परतापूर्वक खदेड़ कर पकड़ लिया गया.
तलाशी के दौरान निरुद्ध किशोर के जींस पैंट के बाएं कमर में खोसा हुआ लोहे का बना एक लोडेड देसी कट्टा बरामद किया गया. वहीं दूसरे अभियुक्त अलीनगर निवासी रितेश कुमार पासवान के जींस पैंट की दाहिनी पॉकेट से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ.
पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. हुसैनाबाद थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्जकर दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.