न्यूज़11 भारत
कोडरमा/डेस्क: चंदवारा प्रखंड के बेंदी पंचायत स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय वीरगढ़ा में कल सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया. तेज बारिश के दौरान अर्धनिर्मित दो मंजिला इमारत का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर गया. हादसे के वक्त स्कूल में बच्चे मिड-डे मील खा रहे थे. गनीमत रही कि घटनास्थल के पास कोई बच्चा नहीं था, जिससे किसी को कोई चोट नहीं आई. अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था. हालांकि अचानक मलबा गिरने से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गयी और बच्चे घबरा गए.
विद्यालय में फिलहाल एकमात्र शिक्षक पिंटू कुमार कार्यरत हैं. वहीं स्कूल में 37 बच्चे नामांकित हैं. घटना के संबंध में जानकारी देते हुए शिक्षक पिंटू कुमार ने बताया कि हादसे के वक्त बच्चे मिड-डे मील खा रहे थे. भवन का हिस्सा गिरते ही बच्चों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया. उन्होंने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
मिली जानकारी के अनुसार विद्यालय का दो मंजिला भवन वर्ष 2010 में अधूरा बना था. इसी बीच सोमवार को तेज बारिश के बीच अचानक भवन का ऊपरी हिस्सा भर-भराकर ढह गया. अर्धनिर्मित भवन का हिस्सा गिरने के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. लोगों ने प्रशासन से विद्यालय भवन की तत्काल जांच कराने तथा जर्जर और अर्धनिर्मित हिस्से को सुरक्षित कराने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 19 अधिकारियों का तबादला, कई जिलों के कोषागारों को मिले नए पदाधिकारी