न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी सिरिबेला प्रसाद को महाराष्ट्र का प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस ने उन्हें विदाई दी. रांची स्थित कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सिरिबेला प्रसाद को सम्मानित किया. इस दौरान विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप, कांके विधायक सुरेश बैठा, रामगढ़ विधायक ममता देवी समेत कांग्रेस के नेता मौजूद रहे.
महाराष्ट्र के प्रभारी के रूप में कांग्रेस को मजबूत करूंगा: सिरिबेला प्रसाद
सिरिबेला प्रसाद ने कहा कि पार्टी ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी दी है. झारखंड में मैने दो सालों तक सह प्रभारी के रूप में काम किया. झारखंड में कांग्रेस मजबूत हो रही है. संगठन में मजबूती आई है. लोकसभा-विधानसभा चुनाव में झारखंड कांग्रेस ने अच्छा किया. यहां के कार्यकर्ता मजबूत हैं. आने वाले समय में पार्टी यहां और मजबूत होगी. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के प्रभारी के रूप में कांग्रेस को मजबूत करूंगा.
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने दी शुभकामनाएं
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि मेरे अध्यक्ष बनने के तुरंत बाद सिरिबेला प्रसाद सह प्रभारी बने. इनके साथ काम का अनुभव बेहतर रहा. महाराष्ट्र में भी प्रभारी के तौर पर ये पार्टी को ऊंचाई पर ले जाएंगे.