न्यूज़11 भारत
निरसा/डेस्क: मैथन के आजाद नगर में कल शनिवार की देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच आगजनी की घटना सामने आई. अज्ञात लोगों ने प्रदीप बाउरी के महिंद्रा स्कॉर्पियो और बाइक को आग के हवाले कर दिया.
मिली जानकारी के अनुसार घटना के दौरान घर के दोनों ओर के दरवाजों की कुंडी बाहर से लगा दी गई थी. इसी बीच घर के बाहर आग की लपटें देखकर परिवार के लोगों को घटना का पता चला. उन्होंने खिड़की से बाहर झांककर शोर मचाते हुए आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई. हल्ला होने के बाद किसी तरह दरवाजे खोले गए, जिसके बाद परिवार के सदस्यों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.
घटना की सूचना मिलने के बाद समाजसेवी रंजीत महतो मौके पर पहुंचे. उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी से फोन पर संपर्क कर घटना की जानकारी दी और मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है. लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आगजनी की घटना में शामिल लोगों की पहचान करने तथा दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही क्षेत्र में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद: बलियापुर में सोने-चांदी के आभूषण से भरा थैला लेकर भागे बाइक सवार अपराधी, जांच में जुटी पुलिस