राहुल सिंह/न्यूज़11 भारत
रामगढ़/डेस्क: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा आज बुधवार को महर्षि परमहंस B.Ed. कॉलेज में छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं विद्यार्थियों से की जा रही कथित अवैध वसूली के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज में तालाबंदी की गई.
ABVP के अनुसार VIVA के नाम पर विद्यार्थियों से ₹3,000 की राशि वसूली गई, जिसकी वैध रसीद विद्यार्थियों को उपलब्ध नहीं कराई गई. इसके अलावा ₹1,000 की राशि भी मांगी जा रही थी, लेकिन विद्यार्थियों को इसके लिए स्पष्ट कारण नहीं बताया गया. वहीं EPC के नाम पर की जा रही राशि वसूली को लेकर भी परिषद ने सवाल उठाते हुए इसका स्पष्ट विवरण एवं वैध रसीद उपलब्ध कराने की मांग की.
विरोध के बाद अब विद्यार्थियों से Document के नाम पर ₹500 की राशि मांगे जाने का मामला सामने आया है. ABVP ने इसका भी विरोध करते हुए कहा कि विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की राशि ली जाती है तो उसका स्पष्ट कारण, निर्धारित नियम एवं वैध रसीद उपलब्ध कराना आवश्यक है.
आंदोलन के दौरान स्थिति उस समय गंभीर हो गई जब कॉलेज से बाहर निकल रहे लोगों को रोकने पहुंचे ABVP के प्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों के साथ कथित रूप से हमला एवं मारपीट की गई. परिषद ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए संबंधित लोगों पर उचित कार्रवाई की मांग की है.
ABVP ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की अनियमित अथवा बिना रसीद की वसूली स्वीकार नहीं की जाएगी. परिषद ने कॉलेज प्रबंधन से सभी शुल्कों का स्पष्ट विवरण, वैध रसीद एवं संबंधित नियमों को सार्वजनिक करने तथा विद्यार्थियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की. ABVP ने कहा कि छात्रहित से समझौता नहीं किया जाएगा और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान तक परिषद अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी.
इस दौरान मुख्य रूप से झारखंड प्रांत जनजातीय छात्र प्रमुख पिंटू मुंडा, जिला संयोजक सुदीप महतो, भुरकुंडा नगर मंत्री अभिनव यदुवंशी, जिला कार्यालय मंत्री श्रवण मुंडा, मोतीलाल महतो, कृष्ण कुमार, संकेत कुमार, अभिषेक कुमार गौतम, सोहिल, निशांत, विवेक, अमित तिवारी, देवगन, मनीष, त्रिभुवन, संजय, विक्की, साक्षी, निकिता, कांती, सीता, प्रतिमा, अंजली, पल्लवी, शिवानी, सोनल, मुस्कान, मनीषा, अलका एवं पूजा सहित बड़ी संख्या में ABVP के कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे.