न्यूज़11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: जिले के ठेठईटांगर प्रखंड के दुमकी पंचायत के गोहरपहर, पहाड़टोली में बीती रात झुंड से बिछड़े एक जंगली हाथी ने कमला देवी नामक वृद्ध महिला को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, कमला देवी देर शाम बरपानी से अपने घर गोहरपहर पहाड़टोली लौट रही थीं. इसी दौरान घर के समीप अचानक झुंड से बिछड़ा हाथी उनके सामने आ गया. ग्रामीण कुछ समझ पाते, इससे पहले ही हाथी ने महिला को सूंड में लपेटकर जमीन पर पटक दिया और कुचल दिया. घटना के बाद हाथी पास के जंगल में चला गया.
वृद्धा की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी तुरंत घटनास्थल पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया. विधायक ने क्षेत्र के लोगों को हाथी से बचने की अपील करते हुए तुरंत वन विभाग को इलाके से हाथी भागने और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें: सिमडेगा की बेटी ने भरी उड़ान, जिले की पहली एयर होस्टेस बनी वंदना